इंदौर में शराब कारोबारी सूरज रजक पर FIR, अभिनेत्री रेमन कक्कड़ ने 300 करोड़ की ज़मीन हड़पने का लगाया आरोप।

मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की एमपी लीग में पहली बार एंट्री मारने वाली ‘मालवा स्टैलियंस’ टीम के मालिक और रसूखदार शराब कारोबारी सूरज रजक अब कानूनी पिच पर क्लीन बोल्ड होते नजर आ रहे हैं।
इंदौर के लसूड़िया थाने में शुक्रवार देर रात मशहूर अभिनेत्री रेमन कक्कड़ की शिकायत पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। करीब 300 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश के इस मामले ने शहर के गलियारों में सनसनी फैला दी है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल धारा 329 (3) के तहत मामला दर्ज किया है, जो तुलनात्मक रूप से एक मामूली धारा मानी जाती है।
इस हाई-प्रोफाइल विवाद की जड़ निपानिया स्थित सर्वे नंबर 414 की दो हेक्टेयर जमीन है, जिसकी मालकियत रेमन कक्कड़ की मां और भाइयों के पास है। शिकायत के मुताबिक, सूरज रजक ने इस प्राइम लोकेशन की 6000 वर्ग फीट जमीन शराब दुकान खोलने के लिए किराए पर मांगी थी। जब परिवार ने बार-बार फोन और व्यक्तिगत मुलाकात के बावजूद जमीन देने से साफ इनकार कर दिया, तो 3 अप्रैल को वहां जबरन कब्जे की कोशिश की गई।
अभिनेत्री रेमन कक्कड़ को इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी और आखिरकार मुख्य सचिव (CS) अनुराग जैन तक शिकायत पहुंचने के बाद पुलिस हरकत में आई।
बिजनेस के नजरिए से देखें तो सूरज रजक ने इस बार शराब का ठेका करीब 150 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगाकर लिया है। फिलहाल उनकी दुकान पीछे की ओर है, जबकि यह विवादित जमीन मेन रोड पर स्थित है, जहां दुकान शिफ्ट होने से उनकी बिक्री में बंपर उछाल आ सकता था।
दिलचस्प बात यह है कि आबकारी नियमों के मुताबिक तय मानकों के चलते इस लोकेशन पर दुकान खोलना तकनीकी रूप से मुमकिन नहीं है। पिछले 15 दिनों से चल रहा यह ‘प्रॉपर्टी ड्रामा’ अब पुलिसिया कार्रवाई और अदालती चक्करों तक पहुंच चुका है। #MPKiBaat #indorenews #surajrajak #liquorbusinessman #reymonkakar #indoreland #indorepolice #MPNews #MadhyaPrades



