मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कुसमी इलाके में मंदिर के पुजारी की तालीबानी स्टाइल में की हत्या

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में पुजारी पंडित इंद्रभान द्विवेदी की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुजारी की हत्या के बाद सीधी जिले में तनाव की स्थिति है। पुलिस ने मोर्चा संभाल किया है।
कुसमी इलाके में मंदिर से पूजा कर लौट रहे पुजारी की आरोपी ने तलिबानियों की तरह गला काटकर हत्या कर दी थी।

घटना के बाद से ही इलाके में तनाव फैल गया था। आक्रोशित भीड़ की मांग पर पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की मुर्गा-मीट शॉप के साथ साथ घर को सील कर दिया गया है।
आरोपी का नाम कामता प्रसाद उर्फ लाला केवट है।वारदात रविवार की है। पुजारी सुबह करीब 9 बजे सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भगवार के हनुमान मंदिर से पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रहे थे। आरोपी मोटरसाइकिल से आया और पुजारी की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल होकर जमीन पर पड़े पुजारी के सीने पर आरोपी ने कई हमले किए। जिससे पुजारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुजारी इन्द्रभान द्विवेदी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कामता प्रसाद केवट उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया है।
फरियादी की सूचना पर प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (गड़ासा) बरामद किया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।



