हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित, हेमंत खंडेलवाल ने लिया प्रमाण पत्र…

🇮🇳 ख़बर भारत की-5 नवंबर,2026, भोपाल | मध्य प्रदेश |
हरदीप सिंह पुरी मप्र से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित, नाम वापसी के अंतिम दिन हुई औपचारिक घोषणा।
भोपाल | 5 नवंबर 2026
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। गुरुवार को नाम वापसी की अंतिम समय-सीमा दोपहर 3 बजे समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी उमेश कुमार शर्मा ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।
इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी से हरदीप सिंह पुरी का निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।

दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त
इस उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी के अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी नामांकन दाखिल किया था। इनमें कांग्रेस समर्थित राजकुमार लोहानी और कांते सायन्ना शामिल थे।
निर्वाचन अधिकारी ने जांच के दौरान राजकुमार लोहानी का नामांकन अनिवार्य फॉर्म-26 शपथपत्र जमा नहीं करने और कांते सायन्ना का नामांकन आवश्यक प्रस्तावकों की शर्त पूरी नहीं करने के कारण निरस्त कर दिया था। इसके बाद पुरी ही वैध नामांकन वाले एकमात्र उम्मीदवार रह गए थे।
अप्रैल 2030 तक रहेगा कार्यकाल
मध्य प्रदेश की यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उनका मूल कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित था। अब हरदीप सिंह पुरी इस सीट के शेष कार्यकाल तक मध्य प्रदेश का राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करेंगे।

गौरतलब है कि हरदीप सिंह पुरी इससे पहले उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य थे। अब उनका राज्यसभा प्रतिनिधित्व मध्यप्रदेश से होगा।
ख़बर भारत की | सच की पहचान, देश की आवाज़
