सागर के गौरझामर थाना क्षेत्र में नीम घाटी के पास NH-44 पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी। तीन लोगों की मौत और करीब 33 घायल।

🇮🇳 ख़बर भारत की-22 नवंबर,2026, सागर |मध्यप्रदेश
Report -Nidhi Chaurasia
घायलों को पहले देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
22 नवंबर,2026, सागर |मध्यप्रदेश
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में रविवार 22 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गौरझामर थाना क्षेत्र के नीम घाटी के पास नेशनल हाईवे-44 पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 33 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है।
नर्मदा स्नान कर लौट रहे थे ग्रामीण :-
जानकारी के अनुसार, सागर जिले की बांदरी तहसील के ग्राम गढ़ौला गोसाई के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नर्मदा स्नान के लिए बरमान गए थे। रविवार को स्नान और पूजा-अर्चना के बाद सभी अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान गौरझामर थाना क्षेत्र की नीम घाटी के पास ढलान वाले मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में लगभग 36 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
तीन लोगों की दर्दनाक मौत :-
इस भीषण हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. राकेश यादव (49 वर्ष)
2. रक्षा प्रजापति (17 वर्ष)
3. प्रेमरानी यादव (65 वर्ष)
हादसे में करीब 33 अन्य लोग घायल हुए हैं। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए थे।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान :-
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी तथा ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।
घायलों को पहले देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग की जांच :-
पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, ढलान वाले दुर्घटनाप्रवण क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
गौरझामर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से गढ़ौला गोसाई गांव में शोक का माहौल है।
**ख़बर भारत की | सच की पहचान, देश की आवाज़**



